तामेश्वरनाथ मेले का भव्य शुभारंभ: डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने काटा फीता, दी ₹31 हजार की सहयोग राशि
संतकबीरनगर। जनपद के प्राचीन एवं आस्था के प्रमुख केंद्र बाबा तामेश्वरनाथ धाम में महाशिवरात्रि मेले का भव्य एवं ऐतिहासिक शुभारंभ बीते शाम संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर जिले के विख्यात समाजसेवी, सूर्या ग्रुप के चेयरमैन एवं निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव के साथ संयुक्त रूप से रिबन काटकर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया।
उद्घाटन के तुरंत बाद डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने देवाधिदेव महादेव बाबा तामेश्वरनाथ के चरणों में माथा टेका और विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। उन्होंने भगवान शिव से जनपदवासियों की सुख-समृद्धि, शांति, स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में पहुँचते ही गोस्वामी समाज के भक्तों ने डॉ. उदय का जोरदार स्वागत किया। पुष्पहार पहनाकर, जयकारे लगाकर और भावपूर्ण अभिनंदन कर उन्हें सम्मानित किया गया।
समाजसेवा और उदारता के लिए प्रसिद्ध डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने मेले के सफल एवं भव्य आयोजन में योगदान देते हुए मंदिर समिति को 31 हजार रुपये की नकद सहयोग राशि भेंट की। साथ ही उन्होंने मौके पर उपस्थित गोस्वामी समाज के लोगों को दान-दक्षिणा प्रदान कर उनका विशेष सम्मान किया। डॉ. उदय ने अपने संक्षिप्त उद्बोधन में कहा, “धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारा और शांति का संदेश फैलाते हैं। बाबा तामेश्वरनाथ का आशीर्वाद हम सभी पर सदैव बना रहे। ऐसे मेले हमें आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं और सामाजिक सद्भाव को मजबूत बनाते हैं।”
कार्यक्रम में नितेश द्विवेदी, ब्रह्माशंकर भारती, नरेंद्र भारती, पिंटू भारती, रामभोला भारती, शंकर यादव, सुभाष तिवारी सहित सैकड़ों श्रद्धालु, गोस्वामी समाज के गणमान्य सदस्य और क्षेत्र के अन्य प्रतिष्ठित नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मेले का यह शुभारंभ न केवल धार्मिक उत्साह से भरपूर रहा, बल्कि सामाजिक एकजुटता और सेवा भावना का भी शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया।















