श्री अन्न को बढ़ावा देने पर जोर, मिलेट्स मेले में दिखे पौष्टिक व्यंजनों के रंग
सेवा संकल्प अभियान के तहत मगहर में मेला और प्रदर्शनी, रेसिपी प्रतियोगिता में एफपीओ, स्वयं सहायता समूह, रेस्टोरेंट और विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
संतकबीरनगर। सेवा संकल्प अभियान के तहत कृषि विभाग की ओर से गुरुवार को संत कबीर अकादमी, मगहर में जनपद स्तरीय श्री अन्न (मिलेट्स) मेला एवं प्रदर्शनी, रेसिपी विकास और उपभोक्ता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धनघटा विधायक गणेश चंद्र चौहान, जिलाधिकारी अनुज मलिक और मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने श्री अन्न के उत्पादन और उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक गणेश चंद्र चौहान ने दीप प्रज्ज्वलित और फीता काटकर किया। मेले में कृषक उत्पादक संगठन, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मत्स्य, पशुपालन, महिला समूह, सहकारिता, उद्यान और कृषि विभाग के स्टॉल लगाए गए। कृषि यंत्रों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसका किसानों और जनप्रतिनिधियों ने अवलोकन किया।
प्राकृतिक खेती से लेकर बीज संरक्षण तक की जानकारी
कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. तरुण, डॉ. अभिनव सिंह, डॉ. दुर्गेश कुमार मौर्य और डॉ. धर्मेंद्र ने किसानों को प्राकृतिक एवं जैविक खेती, श्री अन्न उत्पादन, हाईटेक नर्सरी, फसल अवशेष प्रबंधन, बीज उत्पादन और भंडारण की जानकारी दी। ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान के विनोद कुमार राव ने दुग्ध, बकरी और मत्स्य पालन के लिए प्रशिक्षण तथा बैंक ऋण के माध्यम से स्वरोजगार शुरू करने की जानकारी दी।
विधायक गणेश चंद्र चौहान ने कहा कि श्री अन्न भारतीय परंपरा का हिस्सा रहा है। उन्होंने किसानों से मोटे अनाज की खेती को बढ़ावा देने का आह्वान किया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष अमर राय और एमएलसी प्रतिनिधि अमरीश राय ने भी प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा मोटे अनाज को आहार में शामिल करने पर जोर दिया।
कम लागत में उत्पादन और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
डीएम अनुज मलिक ने कहा कि श्री अन्न की प्रदर्शनी और रेसिपी प्रतियोगिता से इसके प्रचार-प्रसार को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने किसानों को मोटे अनाज के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करते हुए कहा कि इससे कम लागत में खेती के साथ आय बढ़ाने के अवसर मिल सकते हैं।
सीडीओ जयकेश त्रिपाठी ने श्री अन्न के उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी और किसानों से इसमें भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
रेसिपी और चित्रकला प्रतियोगिता के विजेता सम्मानित
रेसिपी प्रतियोगिता में कृषक उत्पादक संगठनों, एनआरएलएम समूहों, रेस्टोरेंट और विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कार और शील्ड देकर सम्मानित किया गया। चित्रकला प्रतियोगिता में प्राथमिक स्तर पर अंशु और उच्च प्राथमिक स्तर पर कृष्ण प्रताप सिंह को प्रथम पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार, सहायक खाद्य सुरक्षा आयुक्त सतीश चंद्र, एआर कोऑपरेटिव आनंद मिश्रा, जिला उद्यान अधिकारी समुद्रगुप्त माल, भूमि संरक्षण अधिकारी दीपचंद चौरसिया, खंड शिक्षा अधिकारी महेंद्र प्रसाद सहित अधिकारी, किसान, महिलाएं और विभिन्न उत्पादक संगठनों के सदस्य मौजूद रहे।















