डीएम ने जेपी सर्वोदय विद्यालय सलोन में नवनिर्मित शिक्षण कक्ष का किया लोकार्पण
रायबरेली। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने आज जय प्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय, सलोन में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित आवासीय विद्यालय में नवनिर्मित तीन शिक्षण कक्षों एवं शौचालयों का लोकार्पण किया।
जिलाधिकारी ने बताया कि 3 अगस्त 2024 को विद्यालय का निरीक्षण करने पर कक्षा 6 से 8 तक की कक्षाओं के भवन की जर्जर स्थिति सामने आई थी। इस समस्या के समाधान के लिए कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) के तहत इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के सहयोग से 49.74 लाख रुपये की लागत से तीन नए कमरों एवं शौचालयों का निर्माण कार्य स्वीकृत किया गया। 11 फरवरी 2025 को भूमि पूजन के साथ शुरू हुआ यह कार्य आज पूर्ण होकर लोकार्पित किया गया है।
उन्होंने कहा कि इस नवनिर्मित कक्षों से छात्र-छात्राओं को बेहतर शिक्षा वातावरण मिलेगा और उनकी पढ़ाई में सुविधा होगी। जिलाधिकारी ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीएसआर के माध्यम से ऐसे सामाजिक कार्य शिक्षा और समाज कल्याण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सलोन चन्द्र प्रकाश गौतम, जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार, जिला समाज कल्याण अधिकारी श्रृष्टि अवस्थी, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के प्रतिनिधि बीएल पाल, संजीव राय सहित विद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
लोकार्पण के बाद जिलाधिकारी ने नवनिर्मित कक्षों का निरीक्षण किया और छात्रों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई एवं सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि नई सुविधाओं का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाए और नियमित रखरखाव पर ध्यान दिया जाए।
यह परियोजना शिक्षा के क्षेत्र में सीएसआर के सकारात्मक प्रभाव का एक बेहतरीन उदाहरण साबित हुई है, जिससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक शिक्षण वातावरण उपलब्ध हो सकेगा।















