डीएम और एसपी ने तामेश्वरनाथ मंदिर का किया संयुक्त निरीक्षण
महाशिवरात्रि की तैयारियों का जायजा लिया, सुरक्षा-भीड़ प्रबंधन पर दिए सख्त निर्देश
संतकबीरनगर। आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर प्रशासन और पुलिस ने पूरी सतर्कता बरतते हुए तामेश्वरनाथ शिव मंदिर परिसर का संयुक्त निरीक्षण किया। जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मंदिर पहुंचकर कानून-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और पर्व संबंधी तैयारियों का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही, जलाभिषेक लाइन की बैरिकेडिंग, रूट डायवर्जन, पार्किंग व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर में किसी भी प्रकार की असुविधा या भीड़भाड़ न हो, इसके लिए वैकल्पिक मार्ग, संकेतक बोर्ड और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाने के लिए बैरियर, पार्किंग स्थलों और वाहन डायवर्जन की योजना पहले से तैयार रखने पर जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि महाशिवरात्रि जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है। किसी भी लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। एसपी संदीप कुमार मीना ने पुलिस टीम को निर्देशित किया कि संवेदनशील बिंदुओं पर सघन निगरानी रखी जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई हो।
इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर अरुण कुमार, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली खलीलाबाद जय प्रकाश दूबे, यातायात प्रभारी परमहंस, पीआरओ पुलिस अधीक्षक दुर्गेश पांडेय, मेला प्रबंधन कमेटी के सदस्य सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। यातायात प्रभारी परमहंस ने अपनी टीम के साथ अलग से पार्किंग व्यवस्था और यातायात नियंत्रण के बिंदुओं का भी निरीक्षण किया।
प्रशासन की यह संयुक्त पहल महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। अधिकारियों ने कहा कि सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएंगी ताकि पर्व शांतिपूर्ण और सफल ढंग से मनाया जा सके।















