डीआईजी व एसएसपी ने शहर में किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जमीनी जायजा
गोरखपुर। कानून-व्यवस्था को और मजबूत करने तथा आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र गोरखपुर एस. चनप्पा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बुधवार को थाना कैंट क्षेत्र में पैदल गश्त की। इस दौरान दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने गणेश चौक, कचहरी चौराहा, शास्त्री चौक, अंबेडकर चौक, बस स्टेशन, प्रमुख बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का बारीकी से निरीक्षण किया।
पैदल गश्त के दौरान डीआईजी और एसएसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बातचीत की और उनकी तैनाती, पिकेट व्यवस्था, संवेदनशील बिंदुओं की निगरानी तथा चेकिंग के बारे में विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच निरंतर जारी रहे तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पुलिस की सक्रिय मौजूदगी अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का सबसे कारगर माध्यम है।
निरीक्षण के दौरान डीआईजी एस. चनप्पा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने स्थानीय व्यापारियों, दुकानदारों और आम नागरिकों से भी संवाद किया। लोगों से सुरक्षा व्यवस्था पर फीडबैक लिया और उन्हें भरोसा दिलाया कि पुलिस हर समय उनकी सुरक्षा और मदद के लिए तत्पर है। उन्होंने आमजन से अपील की कि कोई भी संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
डीआईजी एस. चनप्पा ने कहा कि प्रमुख स्थानों पर पुलिस की नियमित गश्त और सतर्कता बेहद आवश्यक है। त्योहारों, विशेष आयोजनों और भीड़भाड़ के समय अतिरिक्त सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जोर दिया कि पुलिस की प्राथमिकता शांति व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना है।
एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी थानों की टीमें अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहें। होटल, बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन, बाजारों और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी जनता से शालीन व्यवहार रखें और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी गीडा अरुण कुमार, प्रभारी निरीक्षक कैंट सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पैदल गश्त से आम नागरिकों और व्यापारियों में सुरक्षा का मजबूत एहसास हुआ। लोगों ने पुलिस की सक्रियता की सराहना की और उम्मीद जताई कि आगे भी इसी तरह सतर्कता बरती जाएगी, ताकि शहर में शांति और कानून-व्यवस्था अक्षुण्ण रहे।















