मंडलायुक्त व जिलाधिकारी ने ताल रिंग रोड और गोडधोइया नाले का किया निरीक्षण
गोरखपुर। मंडलायुक्त अनिल ढींगरा एवं जिलाधिकारी दीपक मीणा ने विधायक विपिन सिंह के साथ आरकेबीके से सहारा स्टेट तक 4.8 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन ताल रिंग रोड का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं तकनीकी मानकों का गहन अवलोकन किया गया।
मंडलायुक्त ने जल निकासी व्यवस्था एवं सड़क सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदाई संस्था को निर्देशित किया कि रिंग रोड का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप उच्च गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। वर्षा को देखते हुए जलभराव से बचाव के लिए प्रभावी ड्रेनेज सिस्टम सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान करने को कहा। इस अवसर पर स्थानीय सभासद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके उपरांत मंडलायुक्त ने जिलाधिकारी के साथ मैत्रीपुरम कॉलोनी के पास निर्माणाधीन गोडधोइया नाले का भी स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यदाई संस्था से कार्य प्रगति की जानकारी ली गई तथा संबंधित अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। इस अवसर पर संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।















