आबकारी- पुलिस की संयुक्त कार्रवाई: 250 किलो महुआ लहन नष्ट, अवैध शराब कारोबारियों में दहशत
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी आलोक कुमार के निर्देश पर जनपद में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में बड़ी सफलता मिली है। जिला आबकारी अधिकारी के कुशल निर्देशन में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 मेहदावल बसंत प्रसाद के नेतृत्व में स्टॉप टीम एवं थाना बेलहर कला की पुलिस टीम ने ग्राम निधुरी एवं आसपास के क्षेत्रों में दबिश दी।
दबिश के दौरान सुनसान स्थानों और संभावित ठिकानों की गहन तलाशी ली गई। टीम ने लगभग 250 किलोग्राम महुआ लहन बरामद किया, जो अवैध कच्ची शराब निर्माण के लिए तैयार किया जा रहा था। आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से अवैध शराब कारोबार में संलिप्त तत्वों में अफरा-तफरी मच गई।
लंबे समय से प्रशासन की नजर से बचकर कच्ची शराब का धंधा करने वाले कारोबारियों को कड़ा संदेश मिला है कि अब किसी भी कीमत पर गैरकानूनी गतिविधियां बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में आबकारी एवं पुलिस की सक्रियता चर्चा का विषय बनी रही। अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद कर अवैध शराब के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में जागरूक किया। साथ ही अपील की गई कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही हो तो तुरंत सूचना दें।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनपद को अवैध शराब मुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार तेज किया जाएगा। आने वाले दिनों में और भी सघन छापेमारी, गश्त एवं निगरानी की जाएगी। इस संयुक्त कार्रवाई से जहां आम जनता में सुरक्षा का भरोसा मजबूत हुआ है, वहीं अवैध शराब के कारोबारियों में दहशत का माहौल बन गया है।















