सीडीओ ने किया वृहद गो संरक्षण केन्द्र तालनदौर का निरीक्षण, 15 दिन में क्रियाशील करने के निर्देश
गोरखपुर। मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी एवं मुख्य पशु चिकित्साधिकारी गोरखपुर ने आज वृहद गो संरक्षण केन्द्र तालनदौर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खण्ड विकास अधिकारी पिपरौली एवं पशु चिकित्साधिकारी पिपरौली भी मौके पर उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी ने गो संरक्षण केन्द्र की समस्त व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी पिपरौली को निर्देशित किया कि केन्द्र के एप्रोच मार्ग पर खड़ंजा निर्माण कराते हुए 15 दिन के भीतर गो संरक्षण केन्द्र को पूर्ण रूप से क्रियाशील कराना सुनिश्चित करें।
इसके साथ ही मुख्य विकास अधिकारी ने यूपीसीएलडीएफ के अधिशासी अभियन्ता को पानी की चरही के पास खड़ंजा मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि गौशाला में आवागमन और जल व्यवस्था में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कर गौशाला को क्रियाशील किया जाए, जिससे निराश्रित एवं संरक्षित गोवंश के पालन-पोषण में कोई समस्या न रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश भी दिए गए।















