गोरखपुर महोत्सव में उमड़ेगा जनसैलाब, 11 से 13 जनवरी तक ट्रैफिक में बड़े बदलाव।
गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव के दौरान शहर में लाखों लोगों की भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात पुलिस ने सख्त और व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। 11 से 13 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात्रि कार्यक्रम समाप्त होने तक कई प्रमुख मार्गों पर डायवर्जन रहेगा, जबकि भारी एवं वाणिज्यिक वाहनों का शहर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
मुख्य महोत्सव स्थल चंपा देवी पार्क को नो-एंट्री जोन घोषित किया गया है। यहां चार पहिया व अन्य वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। पैडलेगंज, देवरिया, खोराबार और चिड़ियाघर की ओर जाने वाले वाहनों को अमर उजाला तिराहा, थाना रामगढ़ताल और हनुमान मंदिर तिराहा से होकर वैकल्पिक मार्गों से गुजारा जाएगा।
दर्शकों के वाहनों को मुख्य द्विविजय नाथ पार्क सहित निर्धारित पार्किंग स्थलों पर रोका जाएगा। पार्किंग क्षमता भर जाने पर वाहनों को जेमिनी गार्डेनिया अपार्टमेंट तिराहा से वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
तीन पहिया वाहन (ऑटो, ई-रिक्शा) और अन्य वाणिज्यिक वाहनों का पैडलेगंज-नौकायन मार्ग तथा ट्रांसफॉर्मर तिराहा मार्ग से पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
गोरखपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए केवल निर्धारित मार्गों और पार्किंग का उपयोग करें तथा महोत्सव के सुचारू आयोजन में पूरा सहयोग दें।















