सफाई कर्मचारी संघ चुनाव शुरू: 3 पदों पर निर्विरोध जीत, 18 को होगा निर्णायक मतदान
बस्ती। उत्तर प्रदेश पंचायती राज ग्रामीण सफाई कर्मचारी संघ का द्विवार्षिक अधिवेशन और चुनाव प्रक्रिया रविवार से जोर-शोर से शुरू हो गई। जिला मंत्री मनोज चौहान द्वारा पूर्व कार्यकारिणी भंग करने के बाद जिलाधिकारी कार्यालय परिसर में नामांकन हुआ। चुनाव अधिकारी राम सहाय यादव, सुधीर शर्मा और शिव कुमार यादव की देखरेख में पांच पदों के लिए सात नामांकन दाखिल हुए।
तीन पदों पर प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। जिला कोषाध्यक्ष पद पर राम कृपाल चौधरी, संगठन मंत्री पद पर मो. सलीम और लेखा सम्प्रेक्षक पद पर राजकुमार बिना मुकाबले जीत गए।
जिलाध्यक्ष पद पर सोमईराम आजाद और पेशकर के बीच तथा जिला मंत्री पद पर अतुल कुमार पाण्डेय व शिवकुमार यादव के बीच सीधा मुकाबला तय हुआ है। सभी प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह वितरित कर दिए गए। निर्णायक मतदान 18 जनवरी को पं. अटल बिहारी वाजपेयी प्रेक्षागृह में होगा।
कड़ाके की ठंड के बावजूद सफाई कर्मचारियों में अधिवेशन और चुनाव को लेकर जबरदस्त उत्साह और गहमागहमी का माहौल रहा।















