गोरखपुर महोत्सव 2026 में शूटिंग का धमाका: 200+ शूटरों ने दिखाई निशानेबाजी, 64 ने जीते पदक।

गोरखपुर। गोरखपुर महोत्सव 2026 के तहत जिला प्रशासन के तत्वावधान में आयोजित शूटिंग प्रतियोगिता का पदक वितरण समारोह शानदार तरीके से संपन्न हुआ। यह प्रतियोगिता गोरखपुर शूटिंग प्रतियोगिता समिति के अध्यक्ष एवं एसीईओ, गीडा राम प्रकाश के नेतृत्व में सफल रही, जबकि नगर मजिस्ट्रेट एवं गोरखपुर राइफल क्लब के सचिव हिमांशु वर्मा ने प्रशासनिक समन्वय एवं मार्गदर्शन प्रदान किया।
समारोह की मुख्य अतिथि अनुज मलिक, मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO), गीडा ने विजयी प्रतिभागियों को पदक प्रदान किए। उन्होंने जिला प्रशासन एवं आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की और कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं के सर्वांगीण विकास, अनुशासन और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रतियोगिता 9 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक गोरखपुर शूटिंग अकादमी, वॉटर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, तारामंडल में आयोजित हुई। जनपद सहित विभिन्न क्षेत्रों से 200 से अधिक शूटरों ने भाग लिया। कुल 26 विभिन्न वर्गों में आयोजित इस प्रतियोगिता में 64 शूटरों ने पदक अर्जित किए।
इस अवसर पर गोरखपुर शूटिंग अकादमी के निदेशक एवं एशियन पदक विजेता अंतरराष्ट्रीय शूटर श्री गजेंद्र राय भी उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि गोरखपुर अब बेहतरीन शूटर तैयार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
यह आयोजन गोरखपुर महोत्सव के खेल गतिविधियों का हिस्सा है, जो युवा ऊर्जा को नई दिशा देता है। महोत्सव 11 जनवरी से शुरू होकर सांस्कृतिक, खेल और विकास के रंग बिखेर रहा है।















