पिपरौली में भव्य पशु आरोग्य मेला: 9570 पशुओं का नि:शुल्क परीक्षण, योगी सरकार की कल्याणकारी पहल की सराहना
गोरखपुर। पिपरौली ब्लॉक के बड़गहन गांव रविवार को पशु स्वास्थ्य और किसान समृद्धि का केंद्र बन गया। यहां मंडल स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य मेला भव्य रूप से आयोजित हुआ। मंडल के विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों ने हजारों पशुपालकों के पशुओं का निःशुल्क परीक्षण और उपचार किया साथ ही पशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी फैलाई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहजनवां विधायक प्रदीप शुक्ल ने फीता काटकर और गो-पूजन कर मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में पशुधन की अहम भूमिका है। पशुपालन न केवल ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने का सशक्त माध्यम भी। ऐसे आयोजन पशुधन को स्वस्थ रखने, उनकी उत्पादन क्षमता बढ़ाने और संरक्षण सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
विशिष्ट अतिथि ब्लॉक प्रमुख पिपरौली दिलीप कुमार यादव ने कहा कि पशुओं के स्वास्थ्य से ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था सुदृढ़ और आत्मनिर्भर बनती है। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में पशु स्वास्थ्य एवं संरक्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की और कहा कि सरकार की नीतियों से ग्रामीण क्षेत्रों को नई ऊर्जा और दिशा मिल रही है।
मेले के दौरान कुल 9,570 पशुओं का परीक्षण किया गया और आवश्यक दवाओं का वितरण किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. बी.के. सिंह ने किया, जबकि आयोजन में डॉ. धर्मेंद्र सिंह की अहम भूमिका रही।
इस अवसर पर अपर निदेशक गोरखपुर डॉ. वेद प्रकाश, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. धर्मेंद्र पांडेय सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में पशुपालक मौजूद रहे।















