कारी अकबर अली बने पीस पार्टी के जिला उपाध्यक्ष, सर्व समाज के हित की बात करती है पार्टी: राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अय्यूब
संतकबीरनगर । राष्ट्रीय एकता भवन धौरहरा में गुरुवार को पीस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद अय्यूब सर्जन ने बतौर मुख्यातिथि कारी अकबर अली को पार्टी का जिला उपाध्यक्ष मनोनीत किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पार्टी का विस्तार उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। पार्टी की नीतियां सर्व समाज के हित में हैं, जिससे लोग आकर्षित होकर जुड़ रहे हैं।
डॉ. अय्यूब ने कहा, “पीस पार्टी सर्व समाज के हित की बात करती है। हम किसी के साथ भेदभाव नहीं करते, बल्कि सबको साथ लेकर चलते हैं।” उन्होंने कार्यकर्ताओं को आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत प्रदर्शन के लिए बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। कहा, “आइए हम सब मिलकर संगठन निर्माण करें। संगठन है तो हम सब हैं।”
उन्होंने बताया कि यह नियुक्ति संत कबीर नगर जिले एवं मेहदावल विधानसभा क्षेत्र में पार्टी को और मजबूती प्रदान करेगी। मेहदावल विधानसभा अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय महासचिव ने कारी अकबर अली को माला पहनाकर स्वागत किया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अय्यूब के साथ उपाध्यक्ष हाजी शमशुद्दीन, राष्ट्रीय महासचिव अफरोज बादल, विधानसभा अध्यक्ष फुजैल रहमानी, मौलाना तनवीर कासमी, फारूक अहमद, यासिर निजाम, ओबैदुन्नबी, हाजी मोहम्मद इलियास अंसारी, फखरे आलम सनी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पीस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने इस नियुक्ति पर खुशी जताई और कहा कि कारी अकबर अली के नेतृत्व में पार्टी मेहदावल क्षेत्र में नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगी। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाएं और आगामी चुनावों में पार्टी को मजबूत जनसमर्थन दिलाएं।















