एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने महोत्सव स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा-यातायात को लेकर दिए सख्त निर्देश
गोरखपुर । आगामी गोरखपुर महोत्सव की तैयारियों को लेकर गुरुवार को एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने महोत्सव स्थल का विस्तृत निरीक्षण एवं भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, भीड़ नियंत्रण, आपातकालीन तैयारियों एवं सीसीटीवी कैमरों की स्थापना पर विशेष ध्यान केंद्रित किया।
निरीक्षण में उनके साथ मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा, डीआईजी रेंज एस. चनप्पा, डीआईजी/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर, जिलाधिकारी दीपक मीणा, गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) उपाध्यक्ष, महोत्सव नोडल अधिकारी आनंद वर्धन तथा जीडीए सचिव पुष्पराज सिंह उपस्थित रहे।
एडीजी जोन ने महोत्सव स्थल पर चल रही तैयारियों का गहन जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि महोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और आमजन को सुरक्षित एवं सुगम वातावरण मिले। सीसीटीवी, फायर सेफ्टी, मेडिकल टीम और आपातकालीन निकास मार्गों पर विशेष जोर दिया।
मण्डलायुक्त अनिल ढींगरा ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, शौचालय एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं समय पर पूर्ण की जाएं। महोत्सव को जनसुविधाओं के उच्च मानकों के अनुरूप आयोजित किया जाए।
डीआईजी रेंज एस. चनप्पा एवं डीआईजी/एसएसपी राज करन नय्यर ने पुलिस अधिकारियों को यातायात व्यवस्था सुचारु रखने, भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त बल तैनात करने तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों से आपसी समन्वय बनाए रखने तथा आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और अग्निशमन व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया।
महोत्सव नोडल अधिकारी आनंद वर्धन ने अब तक की तैयारियों की जानकारी दी, जबकि जीडीए सचिव पुष्पराज सिंह ने अवसंरचना विकास एवं सौंदर्यीकरण की प्रगति से अवगत कराया।
निरीक्षण के अंत में एडीजी जोन मुथा अशोक जैन ने कहा कि गोरखपुर महोत्सव जनसांस्कृतिक आयोजन है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं। सुरक्षा और व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी विभाग निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूर्ण करें ताकि महोत्सव शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सफल रूप से संपन्न हो।















