शिकायतों के निस्तारण में कानपुर देहात पुलिस प्रदेश में नंबर-1, IGRS रैंकिंग में पहली बार मिली ऐतिहासिक उपलब्धि
कानपुर देहात । यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा संचालित जनसुनवाई (IGRS) समन्वय शिकायत निवारण प्रणाली में माह दिसम्बर-2025 की मासिक मूल्यांकन रिपोर्ट में कानपुर देहात पुलिस को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। यह जनपद के लिए पहली बार मिली ऐतिहासिक उपलब्धि है।
जिलाधिकारी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के कुशल नेतृत्व में जनपद की पुलिस ने IGRS पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया। जनपद के 17 में से 17 थानों ने शत-प्रतिशत शिकायतों का निस्तारण कर शानदार प्रदर्शन किया। सीएम कार्यालय स्तर पर हुई समीक्षा में कानपुर देहात अव्वल रहा।
एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि जनशिकायतों का त्वरित समाधान पुलिस की विश्वसनीयता बढ़ाता है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों, जांचकर्ताओं और कर्मचारियों को बधाई दी तथा कहा कि यह टीमवर्क और समर्पण का परिणाम है।
एसपी ने निर्देश दिए कि आगे भी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण ढंग से हो। थानों पर उपस्थित शिकायतकर्ताओं के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए और गुण-दोष के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई हो।
IGRS पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों की जांच मौके पर जाकर निष्पक्ष रूप से की जाती है। जांच आख्या प्राप्त होने पर उसका गहन परीक्षण किया जाता है। यदि जांच संतोषजनक नहीं पाई जाती, तो संबंधित अधिकारी को कड़े निर्देश के साथ पुनः जांच के लिए वापस भेजा जाता है।
यह उपलब्धि कानपुर देहात पुलिस की जनकेंद्रित कार्यशैली, त्वरित प्रतिक्रिया और गुणवत्ता पर जोर देने का प्रमाण है। जनपद में शासन एवं पुलिस अधिकारियों के स्तर से प्राप्त संदर्भों का निरंतर पर्यवेक्षण किया जाता है, जिससे जनता का पुलिस पर विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।
एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान हमारी प्राथमिकता है। आगे भी इसी स्तर पर कार्य करते हुए जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरेंगे।















