फोरलेन निर्माण में लाएं तेजी, तय समय सीमा में करें पूर्ण: सीएम योगी

फोरलेन निर्माण में लाएं तेजी, तय समय सीमा में करें पूर्ण: सीएम योगी

गोरखपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार अपराह्न गोरखपुर-पिपराइच फोरलेन मार्ग का स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए ताकि तय समय सीमा में यह मार्ग जनता को समर्पित किया जा सके। निरीक्षण के दौरान सीएम ने खजांची चौराहा फ्लाईओवर और जंगल कौड़िया-जगदीशपुर रिंग रोड की प्रगति भी जानी और आवश्यक दिशानिर्देश दिए।

मुख्यमंत्री विकास भारती स्कूल मोड़ के आगे पहुंचे, जहां उन्होंने फोरलेन मार्ग के ले आउट, ड्राइंग मैप का अवलोकन किया और कार्य प्रगति की जानकारी ली। 19.485 किमी लंबे इस फोरलेन मार्ग का निर्माण 942.44 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा है। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड-3 द्वारा 11 फरवरी 2025 को शुरू कार्य 31 अगस्त 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है।

सीएम योगी ने कहा कि निर्माण में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। कार्य में तेजी लाते हुए अगस्त 2026 तक इसे पूर्ण सुनिश्चित करें। उन्होंने फोरलेन सड़क पर पानी की लेवलिंग जांचने के निर्देश दिए ताकि जलजमाव की समस्या न रहे।

जंगल कौड़िया-जगदीशपुर रिंग रोड का भी निरीक्षण  

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने जंगल कौड़िया-जगदीशपुर रिंग रोड की प्रगति भी देखी। उन्होंने निर्माण में और तेजी लाते हुए इसे सितंबर तक पूरा करने के निर्देश दिए। सीएम ने बिशुनपुर अंडरपास की चौड़ाई परखने को कहा ताकि जनता को कोई असुविधा न हो।

खजांची चौराहा फ्लाईओवर का काम शीघ्र पूरा करें  

सीएम ने खजांची चौराहे पर 96.50 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे फ्लाईओवर का भी जायजा लिया। फ्लाईओवर 99 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुका है। कार्यदायी संस्था ने बताया कि मात्र तीन दिन का काम बाकी है। मुख्यमंत्री ने शत-प्रतिशत पूर्णता के लिए जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक महेंद्रपाल सिंह, विपिन सिंह, एमएलसी एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, जिलाध्यक्ष जनार्दन तिवारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के इन निर्देशों से गोरखपुर में प्रमुख इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।

Previous articleउपनिदेशक ने 5, 6 एवं 7 जनवरी को मंडल के जनपदों में अंत्येष्टि स्थल निर्माण की की समीक्षा, फरवरी अंत तक शत-प्रतिशत पूर्ण करने के दिए निर्देश
Next articleशिकायतों के निस्तारण में कानपुर देहात पुलिस प्रदेश में नंबर-1, IGRS रैंकिंग में पहली बार मिली ऐतिहासिक उपलब्धि

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here