जनशिकायतों के निस्तारण में जनपद को मिला प्रदेश में प्रथम स्थान, लगातार छठवीं बार अव्वल रहा संतकबीरनगर
संतकबीरनगर । आईजीआरएस पोर्टल पर जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में जनपद संतकबीरनगर ने माह दिसम्बर-2025 की मासिक रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है। यह उपलब्धि लगातार छठवीं बार प्राप्त हुई है, जिससे जनपद ने अपनी बेहतरीन कार्यप्रणाली को एक बार फिर साबित किया है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में जनपद पुलिस ने आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों का निस्तारण समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया। पुलिस अधीक्षक की जनसुनवाई भी प्रदेश में प्रथम रही। अभियान का असर साफ दिख रहा है, जिसके कारण जनपद लगातार अव्वल बना हुआ है।
पुलिस अधीक्षक ने जनपद के समस्त थाना प्रभारी/थानाध्यक्षों को निर्देश दिए हैं कि थाने पर उपस्थित पीड़ित/शिकायतकर्ता के साथ अच्छा तालमेल रखें, उनके साथ सम्मानजनक व्यवहार करें तथा गुण-दोष के आधार पर उभय पक्ष के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही करें।
गौरतलब है कि आईजीआरएस पोर्टल पर विभिन्न माध्यमों से प्राप्त संदर्भों का एक निश्चित समय-सीमा में निस्तारण अनिवार्य है। पोर्टल पर प्राप्त संदर्भों की जांच हेतु जाँचकर्ता अधिकारी द्वारा मौके पर जाकर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण जांच की जाती है। जांच आख्या प्राप्त होने पर उसका भी गहन परीक्षण किया जाता है। यदि जांच पुष्टिकारक नहीं पाई जाती, तो संदर्भ कड़े निर्देश के साथ संबंधित अधिकारी को पुनः जांच के लिए वापस भेजा जाता है।
पुलिस अधीक्षक ने निरंतर अच्छे परिणाम के लिए सभी को और अधिक मेहनत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनशिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पुलिस की विश्वसनीयता बढ़ाता है। जनपद में शासन एवं पुलिस अधिकारियों के स्तर से प्राप्त संदर्भों का निरंतर पर्यवेक्षण किया जाता है, जिससे जनता का पुलिस पर विश्वास मजबूत हो रहा है।















