उपनिदेशक ने 5, 6 एवं 7 जनवरी को मंडल के जनपदों में अंत्येष्टि स्थल निर्माण की की समीक्षा, फरवरी अंत तक शत-प्रतिशत पूर्ण करने के दिए निर्देश
गोरखपुर । गोरखपुर मंडल के उपनिदेशक पंचायत हिमांशु शेखर ठाकुर ने 5, 6 एवं 7 जनवरी 2025 को मंडल के जनपदों गोरखपुर, देवरिया एवं कुशीनगर के अंत्येष्टि स्थलों में चयनित वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 के समस्त सचिव ग्राम पंचायत के साथ भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
समीक्षा बैठक में उपनिदेशक ने सभी सचिवों को सख्त निर्देश दिए कि फरवरी माह के अंत तक अंत्येष्टि स्थल निर्माण कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अंत्येष्टि स्थल में बाउंड्री वॉल का कार्य अवश्य कराया जाए, ताकि स्थल सुरक्षित और सुव्यवस्थित रहे।
इसके अलावा बैठक में आरजीएसए लिमिट भुगतान, मिशन कर्मयोगी सर्टिफिकेट, ट्रेनिंग में प्रतिभागियों की उपस्थिति, डिजिटल लाइब्रेरी, बहुउद्देशीय पंचायत भवन, आईजीआरएस, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं अन्य विभागीय कार्यक्रमों की भी प्रगति की गहन समीक्षा की गई।
उपनिदेशक ने सभी सचिवों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं में समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित की जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण सामाजिक महत्व का कार्य है, जो ग्रामीणों को सम्मानजनक अंतिम संस्कार की सुविधा प्रदान करता है।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई स्थानों पर कार्य प्रगति संतोषजनक है, लेकिन कुछ ग्राम पंचायतों में विलंब है। उपनिदेशक ने ऐसे मामलों में तत्काल गति बढ़ाने के आदेश दिए।
यह समीक्षा मंडल स्तर पर पंचायती राज विभाग की योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और समय पर पूर्ण करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उपनिदेशक ने सभी सचिवों से अपील की कि वे ग्रामीणों की सुविधा के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करें।















