चोरी हुई 108 एम्बुलेंस जनपद सिद्धार्थनगर से बरामद, अभियुक्त गिरफ्तार

चोरी हुई 108 एम्बुलेंस जनपद सिद्धार्थनगर से बरामद, अभियुक्त गिरफ्तार

संतकबीरनगर । जिले के स्वास्थ्य केन्द्र परसा झकरिया से चोरी हुई 108 एम्बुलेंस वाहन को पुलिस ने जीपीएस की मदद से जनपद सिद्धार्थनगर से बरामद कर लिया और चोरी में शामिल अभियुक्त को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

मंगलवार को खलीलाबाद पुलिस लाइन में घटना का अनावरण अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि 5 जनवरी 2026 को पीड़ित सुरजीत कुमार पुत्र हरि प्रसाद, थाना दुधारा ने तहरीर दी थी कि स्वास्थ्य केन्द्र परसा झकरिया से 108 एम्बुलेंस वाहन संख्या UP32BG9126 (जिसमें जीपीएस लगा है) चोरी हो गई है। चोरी गए वाहन का लोकेशन ग्राम बिसुनपुरवा, थाना खेसरहा, जनपद सिद्धार्थनगर में मिल रहा था। तहरीर के आधार पर थाना दुधारा पर अभियोग दर्ज किया गया।

एएसपी ने बताया कि क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद अमित कुमार के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना दुधारा पुलिस ने मंगलवार 6 जनवरी 2026 को अभियुक्त कुतुबद्दीन पुत्र मोहम्मद हदीस, निवासी मोहनापुर, थाना पुरंदरपुर, जनपद महाराजगंज को ग्राम बिसुनपुरवा, थाना खेसरहा, जनपद सिद्धार्थनगर से गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई।

पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि उसने 108 एम्बुलेंस स्वास्थ्य केन्द्र परसा झकरिया से चुराई और महाराजगंज में बेचने के लिए ले जा रहा था। रास्ता भटकने के कारण सिद्धार्थनगर पहुंच गया, जहां जीपीएस लोकेशन के आधार पर पुलिस ने पकड़ लिया।

अभियुक्त की गिरफ्तारी में उ.नि. रविन्द्र सिंह यादव, हे.कां. रजनीश पाठक और हे.कां. एहतेशाम शामिल रहे।

पुलिस ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई जा रही है। ऐसे अभियान निरंतर चलाए जाएंगे ताकि जनता में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।

Previous articleसमस्याओं के समाधान की मांग को लेकर शिक्षकों ने डीएम, बीएसए को सौंपा ज्ञापन; समायोजन की अनियमितताओं को दूर करने की उठाई मांग
Next articleसीएम योगी का सख्त निर्देश- ‘भीषण शीतलहर में कोई फुटपाथ पर न सोए’, रैन बसेरों का किया निरीक्षण, कंबल-भोजन वितरित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here