खिचड़ी मेला की तैयारियों और ठंड से राहत को लेकर महापौर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न

खिचड़ी मेला की तैयारियों और ठंड से राहत को लेकर महापौर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक सम्पन्न

गोरखपुर । नगर निगम गोरखपुर द्वारा खिचड़ी मेला को सुव्यवस्थित, सुरक्षित और जनसुविधाजनक बनाने तथा ठंड के मौसम में महानगरवासियों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव ने की।

बैठक में खिचड़ी मेला क्षेत्र की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा हुई। साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, शौचालय, पार्किंग और यातायात प्रबंधन जैसे सभी महत्वपूर्ण बिंदुओं पर गहन चर्चा की गई। महापौर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि मेला शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं और विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं और आगंतुकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

महापौर ने कहा, “खिचड़ी मेला हमारी सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत का अभिन्न अंग है। इसे स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना नगर निगम की जिम्मेदारी है।” उन्होंने मेला परिसर में नियमित निरीक्षण और समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

ठंड को देखते हुए राहत व्यवस्थाओं पर विशेष जोर दिया गया। महापौर ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र के अलावा रैन बसेरों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर अलाव की समुचित व्यवस्था हो। जरूरतमंदों को कंबल वितरण, गर्म पेयजल की उपलब्धता तथा बुजुर्गों, बच्चों और असहाय लोगों की सुरक्षा के लिए सभी इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं।

महापौर ने महाप्रबंधक जलकल को निर्देशित किया कि निर्माण स्थलों पर पाइपलाइन लीकेज की समस्या तत्काल ठीक की जाए और सभी ओवरहेड टैंक व नलकूपों का नियमित क्लोरीनेशन हो। नागरिकों से अपील की कि पानी की लीकेज या अन्य समस्या होने पर नगर निगम के कंट्रोल रूम नंबर 8810709390 पर तुरंत सूचना दें।

बैठक में नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल, अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा, अतुल कुमार, प्रमोद कुमार, महाप्रबंधक जलकल रघुवेन्द्र कुमार, लेखाधिकारी नागेन्द्र सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार सोनकर, अधिशासी अभियंता अमरनाथ, वैयक्तिक सहायक ब्रजेश कुमार तिवारी, सौरभ कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Previous articleनिःशुल्क सेफ्टी हेलमेट वितरण कर पुलिस ने पेश की मानवता की अनुकरणीय मिसाल
Next articleविनियमन शुल्क नहीं जमा करने पर चार ईंट भट्ठों पर सख्त कार्रवाई, कच्ची ईंटें तोड़ीं, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here