निःशुल्क सेफ्टी हेलमेट वितरण कर पुलिस ने पेश की मानवता की अनुकरणीय मिसाल
संतकबीरनगर। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 के तहत सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना ने एक सराहनीय पहल की। विभिन्न सामाजिक संगठनों के सहयोग से मोटरसाइकिल चालकों को निःशुल्क सेफ्टी हेलमेट वितरित किए गए।
इस कार्यक्रम में ऐप्रा ज्वेलर्स और सामाजिक कार्यकर्ताओं के सहयोग से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट प्रदान किए गए। इसका मुख्य उद्देश्य हेलमेट के प्रयोग को बढ़ावा देना और सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली गंभीर चोटों व मृत्यु को रोकना रहा।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने जनमानस को संबोधित करते हुए कहा, “हेलमेट केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे मजबूत साधन है।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे खुद यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान ऐप्रा ज्वेलर्स के रवि अग्रवाल, अरुण अग्रवाल, गौरव रुंगटा, कैलाशपति रुंगटा सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं ने लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों, हेलमेट व सीट बेल्ट के महत्व तथा सुरक्षित वाहन संचालन के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
आम नागरिकों ने पुलिस प्रशासन और सामाजिक संगठनों की इस पहल की जमकर सराहना की तथा इसे मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया। पुलिस प्रशासन ने इस अभियान के माध्यम से संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा एक सामूहिक दायित्व है, जिसमें प्रशासन, सामाजिक संगठन और आम जनता की भागीदारी जरूरी है।
यह कार्यक्रम जनपद संतकबीरनगर में सड़क सुरक्षा जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण और प्रेरणादायक कदम साबित हुआ। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली खलीलाबाद पंकज कुमार पाण्डेय, प्रभारी यातायात परमहंस, पीआरओ पुलिस अधीक्षक दुर्गेश पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।















