मिशन शक्ति फेज-5.0: छात्राओं ने संभाली थाने की कमान, बनीं एक दिन की थाना प्रभारी
गोरखपुर ।मिशन शक्ति फेज-5.0 के तहत गोरखपुर जिले में महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास, सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के लिए एक अनूठा कार्यक्रम आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नय्यर के निर्देशन और पुलिस अधीक्षक (अपराध)/नोडल मिशन-शक्ति के पर्यवेक्षण में जिले के छह थानों पर छात्राओं को एक दिन के लिए थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इस पहल में विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सृष्टि दूबे (गोला थाना), स्नेहा सिंह (सहजनवां थाना), दीपांजलि (खजनी थाना), एंजेल सिंह (बांसगांव थाना), अनामिका सिंह (पिपराइच थाना) और सिमरन सिंह (गगहा थाना) ने थाना प्रभारी की भूमिका निभाई। इन छात्राओं ने पुलिसिंग का अनुभव लिया, जनशिकायतें सुनीं और उनके निस्तारण के लिए निर्देश दिए। उन्हें थाने की कार्यप्रणाली, मालखाना, जनरल डायरी, विवेचना रजिस्टर और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।
छात्राओं ने इस अनुभव को यादगार बताया। सृष्टि दूबे ने कहा, “पुलिसिंग की जिम्मेदारी को समझने का यह अनुभव अविस्मरणीय है।” स्नेहा सिंह ने इसे आत्मविश्वास बढ़ाने वाला अनुभव बताया, जबकि दीपांजलि ने समाज सेवा की प्रेरणा मिलने की बात कही।
एसएसपी राजकरण नय्यर ने कहा, “मिशन शक्ति का उद्देश्य बेटियों को नेतृत्व और जिम्मेदारी के लिए तैयार करना है। आज हमारी छात्राओं ने साबित किया कि वे किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं।” यह पहल नारी सशक्तीकरण और समाज में उनकी बराबरी की भागीदारी का मजबूत संदेश देती है।















