मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गीडा के 37वें स्थापना दिवस पर गोरखपुर को दी 502 करोड़ की 104 परियोजनाओं की सौगात
17,650 करोड़ के निवेश प्रस्तावों पर पांच कंपनियों से एमओयू, ट्रेड शो व ओडीओपी प्रदर्शनी का शुभारंभ
गोरखपुर।पिपरौली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि विरासत के मजबूत धरातल पर ही विकास की सशक्त नींव रखी जा सकती है। इसी सोच के साथ प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार सृजन को गति देने में जुटी है। गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) के 37वें स्थापना दिवस पर रविवार को मुख्यमंत्री ने गोरखपुर और धुरियापार औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए 502.32 करोड़ रुपये की 104 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 188.84 करोड़ रुपये की 40 परियोजनाओं का लोकार्पण और 313.48 करोड़ रुपये की 64 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इसके साथ ही पांच प्रमुख कंपनियों के साथ 17,650 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों पर एमओयू का आदान-प्रदान हुआ।
मुख्यमंत्री ने तीन दिवसीय गोरखपुर ट्रेड शो एवं प्रदर्शनी का शुभारंभ करते हुए स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और उद्यमियों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने की पहल को आगे बढ़ाया। कार्यक्रम में चकभोप आवासीय योजना, गीडा की नई वेबसाइट तथा श्रमिकों के लिए डॉर्मेट्री निर्माण का शिलान्यास भी किया गया।
औद्योगिक निवेश से रोजगार और विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि गोरखपुर और पूर्वांचल में औद्योगिक गतिविधियों का विस्तार स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करेगा और उद्योगों के लिए मजबूत आधारभूत संरचना विकसित करेगा। पांच प्रमुख कंपनियों के साथ हुए निवेश समझौतों से औद्योगिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। निवेश के इन प्रस्तावों के धरातल पर उतरने से क्षेत्र में रोजगार के हजारों अवसर और उद्यमियों के लिए नई संभावनाएं खुलेंगी।
463 करोड़ की चकभोप आवासीय योजना का शुभारंभ
गीडा सेक्टर-25 में गोरखपुर-लखनऊ लिंक एक्सप्रेसवे के किनारे 463 करोड़ रुपये की लागत से चकभोप आवासीय योजना विकसित की जाएगी। योजना में 90 से 300 वर्गमीटर तक के लगभग 855 आवासीय भूखंड प्रस्तावित हैं। इसके साथ श्रमिकों के लिए 86 ईडब्ल्यूएस और 86 एलआईजी आवास भी बनाए जाएंगे। इससे गीडा क्षेत्र के निवेशकों और स्थानीय लोगों को नियोजित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
श्रमिकों के लिए डॉर्मेट्री, प्रशिक्षण केंद्र का विस्तार
औद्योगिक श्रमिकों को सुरक्षित, स्वच्छ और किफायती आवासीय सुविधा देने के लिए गीडा सेक्टर-15 में 693 वर्गमीटर भूमि पर 3.46 करोड़ रुपये की लागत से डॉर्मेट्री बनाई जाएगी। इसमें भोजनालय, शौचालय, स्नानघर, पेयजल और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे उद्योगों के आसपास श्रमिकों के लिए बेहतर आवासीय व्यवस्था विकसित होगी और वॉक-टू-वर्क की अवधारणा को बढ़ावा मिलेगा।
गीडा स्थित एनआईईएलआईटी स्किल डेवलपमेंट सेंटर के विस्तार का भी शिलान्यास किया गया। केंद्र से अब तक 4300 से अधिक अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। 3.28 करोड़ रुपये से प्रस्तावित विस्तार के बाद साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल फॉरेंसिक्स, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, क्लाउड कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन, एंबेडेड सिस्टम और इंटरनेट ऑफ थिंग्स जैसे पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इससे हर वर्ष एक हजार से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य है।
स्थानीय उत्पादों और उद्यमियों को मिलेगा बड़ा मंच
गोरखपुर ट्रेड शो और प्रदर्शनी के माध्यम से एक जिला एक उत्पाद (ओडीओपी) के तहत प्रदेश के पारंपरिक उत्पाद, हस्तशिल्प और स्थानीय उद्यमियों को बाजार उपलब्ध कराया जा रहा है। पहली बार विदेशी खरीदारों की सहभागिता के साथ आयोजित बायर्स-सेलर्स मीट से स्थानीय कारोबारियों को बड़े बाजारों से जोड़ने की पहल की गई है। मुख्यमंत्री ने लोगों से ट्रेड शो में पहुंचकर स्वदेशी उत्पादों की खरीदारी करने और स्थानीय कारीगरों व उद्यमियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की।
कार्यक्रम में आवासीय एवं औद्योगिक भूखंडों के आवंटियों को आवंटन पत्र, प्रशिक्षित अभ्यर्थियों को प्रमाणपत्र तथा विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और टूलकिट वितरित किए गए। गीडा की नई वेबसाइट के शुभारंभ से निवेशकों को प्राधिकरण से संबंधित जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध होगी और निवेश प्रक्रियाओं को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश, औद्योगिक आधारभूत सुविधाओं और रोजगारपरक योजनाओं के माध्यम से गोरखपुर को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। विकसित गोरखपुर और विकसित उत्तर प्रदेश का संकल्प औद्योगिक विकास, स्थानीय उद्यमिता और युवाओं के रोजगार के अवसरों से ही साकार होगा।















