थाना समाधान दिवस में डीएम-एसपी ने सुनीं फरियादियों की समस्याएं
शिकायत पंजिका का किया निरीक्षण, निस्तारित मामलों का लिया फीडबैक, गुणवत्तापूर्ण समाधान के दिए निर्देश
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी अनुज मलिक एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शनिवार को थाना बखिरा में आयोजित थाना समाधान दिवस में फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डीएम और एसपी ने शिकायत पंजिका का निरीक्षण कर दर्ज शिकायतों एवं उनके निस्तारण की स्थिति की जानकारी ली। साथ ही पूर्व में निस्तारित किए गए मामलों का फीडबैक भी लिया, ताकि शिकायतों के समाधान की वास्तविक स्थिति का पता चल सके।
अधिकारियों ने निर्देश दिया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग से संबंधित मामलों में आपसी समन्वय बनाकर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और फरियादियों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।















