आकांक्षात्मक ब्लॉक बघौली के विकास पर खर्च होंगे 1.50 करोड़ रुपये
प्रदेश में दूसरी रैंक मिलने पर शासन से मिली धनराशि, पिछड़े क्षेत्रों की तस्वीर बदलने के लिए डीएम ने मांगी कार्ययोजना
50 संकेतकों की समीक्षा कर क्रिटिकल गैप दूर करने पर जोर, सोमवार तक अंतिम प्रारूप प्रस्तुत करने का निर्देश
संतकबीरनगर। आकांक्षात्मक विकासखंड बघौली के विकास को नई गति देने के लिए 1.50 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। वर्ष 2024-25 की डेल्टा रैंकिंग में प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल करने पर शासन की ओर से मिली इस धनराशि के सदुपयोग के लिए जिलाधिकारी अनुज मलिक ने कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को विकासखंड मुख्यालय बघौली में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने विभिन्न विभागों की प्रगति परखने के साथ विकास के पिछड़े क्षेत्रों में सुधार को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी भी मौजूद रहे।
जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबंधित सेवाएं, आधारभूत संरचना तथा सामाजिक विकास सहित पांच प्रमुख क्षेत्रों के सभी 50 निर्धारित संकेतकों की विभागवार समीक्षा की। अधिकारियों ने संबंधित संकेतकों की वर्तमान स्थिति, प्रगति और उपलब्धियों की जानकारी प्रस्तुत की। डीएम ने कहा कि विकासखंड के समग्र विकास के लिए जिन क्षेत्रों में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है, उन्हें चिह्नित कर प्रभावी कदम उठाए जाएं।
उन्होंने निर्देश दिया कि 1.50 करोड़ रुपये की धनराशि के उपयोग के लिए कार्ययोजना तैयार करते समय सभी प्रमुख संकेतकों की मौजूदा स्थिति और क्रिटिकल गैप का विशेष ध्यान रखा जाए। धनराशि का उपयोग ऐसे कार्यों पर किया जाए, जिनसे विकासखंड के पिछड़े और महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ठोस सुधार दिखाई दे।
डीएम ने खंड विकास अधिकारी और मुख्यमंत्री फेलो को सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर क्रिटिकल गैप के आधार पर कार्ययोजना को अंतिम रूप देने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सोमवार को कार्ययोजना का अंतिम प्रारूप तैयार कर जिलाधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करें, ताकि प्रस्तावित कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया, जिला विकास अधिकारी रुक्मणी वर्मा, परियोजना निदेशक विजयंत सिंह, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रभात द्विवेदी, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण कुमार शुक्ला, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी अजय श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग आरके पांडेय, उप कृषि निदेशक डॉ. राकेश कुमार सिंह, जिला प्रोबेशन अधिकारी सतीश चंद्र, पर्यटन अधिकारी विकास नारायण, खंड विकास अधिकारी अर्जित प्रकाश, मुख्यमंत्री फेलो डॉ. रंजीत कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।















