रायबरेली में अवैध शराब पर कड़ा प्रहार
रायबरेली: जिलाधिकारी हर्षिता माथुर के निर्देश पर अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी पर रोक लगाने के लिए जिले में व्यापक प्रवर्तन अभियान चलाया गया। आबकारी आयुक्त के आदेशानुसार, जिला आबकारी अधिकारी की निगरानी में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 और क्षेत्र-5 की टीमों ने संयुक्त कार्रवाई की।
टीम ने भदोखर थाना क्षेत्र के भेड़न का पुरवा और नक फुल्हा गांवों में अवैध शराब के अड्डों पर छापेमारी की। साथ ही, डलमऊ तहसील के गदागंज थाना क्षेत्र के पम्पापुर गांव में भी दबिश दी गई। इस दौरान 54 लीटर अवैध कच्ची शराब और 450 किलो महुआ से बना लहन बरामद हुआ। बरामद लहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया और आबकारी अधिनियम के तहत चार अभियोग दर्ज किए गए।
जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि अवैध शराब के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस तरह की गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। प्रशासन ने जनता से भी अपील की है कि ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों की सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सके। यह अभियान जिले में कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।















