रक्षाबंधन से पहले गोरखपुर में मिलावटखोरों पर नकेल: फूड विभाग ने रोडवेज बस से पकड़ा 32 बोरी नकली खोवा
गोरखपुर।।
रक्षाबंधन और स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर गोरखपुर में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ कड़ा अभियान छेड़ा है। कैंट थाना क्षेत्र के पुलिस लाइन कार्मल रोड पर रोडवेज बस की सघन जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा विभाग ने 32 बोरी मिलावटी खोवा बरामद किया। यह कार्रवाई रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक (आरएम) लव कुमार के नेतृत्व में की गई, जिन्होंने फूड विभाग की टीम को तत्काल मौके पर बुलाया।
जांच के दौरान कंडक्टर ने स्वीकार किया कि खोवा कानपुर से रोडवेज बस के जरिए गोरखपुर लाया जा रहा था। बरामद खोवा का कोई दावेदार मौके पर नहीं पहुंचा, जिसके बाद इसे कलेक्ट्रेट परिसर स्थित फूड विभाग के कार्यालय लाया गया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी हितेंद्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि दो दावेदार बाद में सामने आए, जिनके नमूने लेकर खोवा सुपुर्द किया जा रहा है। नमूनों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा गया है, और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
त्रिपाठी ने कहा, “रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्व पर मिठाइयों में मिलावट का काला कारोबार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फूड विभाग और रोडवेज के संयुक्त प्रयास से 32 बोरी नकली खोवा पकड़ा गया है। मिलावटखोरों के खिलाफ यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि जनता को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिलें।” उन्होंने नागरिकों से अपील की कि बिना लाइसेंस और लेबलिंग वाली मिठाइयों से बचें और संदिग्ध सामग्री की सूचना तुरंत विभाग को दें।
यह कार्रवाई गोरखपुर में खाद्य सुरक्षा के प्रति प्रशासन की सतर्कता को दर्शाती है। त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों से होने वाले स्वास्थ्य जोखिमों, जैसे पेट रोग, लिवर और किडनी की समस्याओं, को रोकने के लिए विभाग की टीमें सक्रिय हैं।















