27 जुलाई को 28 केंद्रों पर होगी RO/ARO प्रारंभिक परीक्षा
डीएम ने दिए नकलविहीन व शांतिपूर्ण आयोजन के निर्देश
रायबरेली।। जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने 27 जुलाई 2025 को होने वाली उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की समीक्षा अधिकारी/सहायक समीक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) परीक्षा-2023 को नकलविहीन, शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक की। जनपद के 28 केंद्रों पर 12,000 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।
डीएम ने निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय से पूरी हों और परीक्षा दिशानिर्देशों का कड़ाई से पालन हो। मोबाइल, लैपटॉप, कैलकुलेटर जैसे इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। केंद्रों पर सीसीटीवी, वीडियोग्राफी और रिजर्व मजिस्ट्रेट की व्यवस्था होगी। पेयजल, शौचालय और चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। किसी भी लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई होगी।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और सुगम ट्रैफिक व्यवस्था के निर्देश दिए। समन्वयी पर्यवेक्षक के.के. पांडे ने पानी, बिजली, शौचालय, सीसीटीवी और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था पर जोर दिया। परीक्षा सुबह 9:30 से दोपहर 12:30 बजे तक एक पाली में होगी।
बैठक में एडीएम (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक संजीव सिन्हा, वरिष्ठ कोषाधिकारी भावना श्रीवास्तव, जिला विद्यालय निरीक्षक संजीव सिंह, सहायक पर्यवेक्षक कृष्ण मोहन मिश्र सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।















