डीएम ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में दिए आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड पर जोर।
संतकबीरनगर, शुक्रवार
जिलाधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति (शासी निकाय) की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में स्वास्थ्य कार्यक्रमों, संकेतकों और योजनाओं की प्रगति की बिंदुवार समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड निर्माण में गुणात्मक प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने टीकाकरण, कुपोषण जांच, जननी सुरक्षा योजना, संस्थागत प्रसव और आशा-एएनएम की कार्यप्रणाली की नियमित मॉनिटरिंग पर जोर दिया। जिला चिकित्सालय व सीएचसी/पीएचसी में आधारभूत सुविधाओं जैसे स्वच्छ पेयजल, शौचालय, व्हीलचेयर और लिफ्ट के सुचारू संचालन के लिए तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए।
ई-कवच और ई-संजीवनी पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन बढ़ाने, मरीजों को बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने और दवाओं के वितरण की समीक्षा की गई। डब्ल्यूएचओ व यूनिसेफ प्रतिनिधियों ने योजनाओं की प्रगति पर पीपीटी प्रस्तुति दी।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भवनाथ पांडेय, सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया, एसीएमओ डॉ. महेंद्र प्रसाद, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एसडी ओझा, डीपीएम विनीत श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।















