विधायक सदर ने 37 दिव्यांगजनों को बांटे 63 सहायक उपकरण।
रायबरेली,
दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा रतापुर के सामुदायिक केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में 37 दिव्यांगजनों को 63 निःशुल्क कृत्रिम अंग व सहायक उपकरण वितरित किए गए। मुख्य अतिथि विधायक सदर अदिति सिंह, जिलाधिकारी हर्षिता माथुर, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह और मुख्य विकास अधिकारी अर्पित उपाध्याय ने दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
विधायक सदर ने दिव्यांगजनों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और सभी योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में 28 ट्राइसाइकिल, 26 बैसाखी, 5 व्हीलचेयर और 4 स्मार्टकेन वितरित किए गए। साथ ही, 7 नए दिव्यांगजनों को विभिन्न योजनाओं के लिए चिन्हित किया गया।
लाभार्थियों ने उपकरण प्राप्त कर प्रसन्नता जताई और विधायक, जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी व दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग को धन्यवाद दिया। जिला समाज कल्याण अधिकारी सृष्टि अवस्थी ने अतिथियों का पुष्प गुच्छ से स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन एस.एस. पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी विनय कुमार सिंह सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी और लाभार्थी उपस्थित रहे।















