मूसलाधार बारिश में सड़कों पर उतरे डीएम-एसएसपी, पुलिस अलर्ट
जलभराव वाले इलाकों और प्रमुख चौराहों का लिया जायजा, पीआरवी को लगातार गश्त के निर्देश
गोरखपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और शहर में जगह-जगह जलभराव के बीच रविवार को डीएम दीपक मीणा और एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने सड़कों पर उतरकर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने जलभराव वाले संवेदनशील इलाकों का निरीक्षण किया और मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। प्रमुख सड़कों और चौराहों पर पुलिस व यातायात पुलिस की तैनाती बढ़ाते हुए पीआरवी को लगातार गश्त करने को कहा गया है।
एसएसपी ने विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर पुलिस की तैनाती और यातायात व्यवस्था देखी। जलभराव वाले ऐसे मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, जहां आवागमन प्रभावित होने या हादसे की आशंका है। पुलिसकर्मियों से कहा कि लोगों को सुरक्षित रास्तों से निकालने में मदद करें और किसी भी समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल सहायता पहुंचाएं।
चौराहों पर मुस्तैद रहे पुलिसकर्मी
भारी बारिश के बावजूद प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात पुलिसकर्मी व्यवस्था संभालते रहे। एसएसपी ने थाना प्रभारियों और डायल-112 की पीआरवी टीमों को अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने के निर्देश दिए। बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों समेत बारिश में फंसे लोगों को प्राथमिकता से सहायता उपलब्ध कराने को कहा गया।
डीएम दीपक मीणा ने भी प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर जलभराव, आवागमन और नागरिक सुरक्षा की व्यवस्थाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को लगातार बारिश से उत्पन्न परिस्थितियों पर नजर रखने और आपात स्थिति में तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।
जरूरी होने पर ही घर से निकलने की अपील
पुलिस-प्रशासन ने लोगों से अत्यंत आवश्यक होने पर ही घर से निकलने की अपील की है। जलभराव वाले रास्तों पर पानी की गहराई का अंदाजा लगाए बिना वाहन न उतारने और बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों व खुले तारों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है। वाहन चालकों को गति नियंत्रित रखने और उपलब्ध वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
किसी दुर्घटना, जलभराव में फंसने या अन्य आपात स्थिति में नागरिक डायल-112 अथवा संबंधित थाने से सहायता ले सकते हैं। सभी थाना क्षेत्रों की पुलिस को अलर्ट रखते हुए पीआरवी को लगातार गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं।















