11 स्थानों पर लगी महिला चौपाल, 477 ने सीखे सुरक्षा के गुर मिशन शक्ति 5.0 के तहत बहू-बेटी सम्मेलन, घरेलू हिंसा से साइबर अपराध तक किया जागरूक

11 स्थानों पर लगी महिला चौपाल, 477 ने सीखे सुरक्षा के गुर

मिशन शक्ति 5.0 के तहत बहू-बेटी सम्मेलन, घरेलू हिंसा से साइबर अपराध तक किया जागरूक

संतकबीरनगर। मिशन शक्ति 5.0 के तहत जिले में महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा व जागरूकता को लेकर अभियान चलाया गया। पुलिस की एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने 11 स्थानों पर बहू-बेटी सम्मेलन एवं महिला सशक्तिकरण चौपाल आयोजित की। इनमें 477 महिलाओं और बालिकाओं ने हिस्सा लिया। उन्हें सुरक्षा के उपायों के साथ सरकारी योजनाओं और आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई।

एसपी संदीप कुमार मीना के निर्देशन और एएसपी सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन में कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मझरिया व दीघा बाईपास, महिला थाना क्षेत्र, महुली के परसादीपुर, मेंहदावल के सुअरहवा व पक्का पोखरा तथा बखिरा क्षेत्र के नंदौर चौराहा और कस्बा बखिरा समेत विभिन्न स्थानों पर चौपाल लगाई गई।

गुड टच-बैड टच और साइबर अपराध से बचाव बताया

महिला बीट अधिकारियों और मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को गुड टच-बैड टच, घरेलू हिंसा और साइबर अपराध से बचाव के बारे में जागरूक किया। सुरक्षा संबंधी जानकारी वाले पंफलेट भी वितरित किए गए।

महिलाओं को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, रानी लक्ष्मीबाई बाल एवं महिला सम्मान कोष, निराश्रित महिला पेंशन योजना और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला समेत विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। जरूरत पड़ने पर उपलब्ध कानूनी और पुलिस सहायता के बारे में भी बताया गया।

मुसीबत में इन नंबरों पर मांगें मदद

चौपाल में वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपात सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, चाइल्ड लाइन 1098, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 तथा एंबुलेंस सेवा 108 और 102 की जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने महिलाओं को किसी उत्पीड़न या अन्याय की स्थिति में चुप न रहने और सहायता के लिए आगे आने के लिए जागरूक किया। साथ ही कौशल के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया गया। चौपाल में महिलाओं को पारिवारिक और घरेलू समस्याओं पर पुलिसकर्मियों से संवाद करने का अवसर भी मिला।

Previous articleमूसलाधार बारिश में सड़कों पर उतरे डीएम-एसएसपी, पुलिस अलर्ट जलभराव वाले इलाकों और प्रमुख चौराहों का लिया जायजा, पीआरवी को लगातार गश्त के निर्देश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here