बाबा साहब की जयंती से पहले रायबरेली में स्वच्छता की धूम: आंबेडकर पार्क और प्रतिमाएं चमकीं, मंत्री ने किया श्रमदान।
रायबरेली।।
रायबरेली में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती से पहले स्वच्छता का अनूठा उत्सव देखने को मिला। रविवार को पूरे जनपद में आंबेडकर पार्कों और उनकी प्रतिमाओं को विशेष अभियान के तहत चमकाया गया। नगर निकायों, वार्डों और ग्राम पंचायतों में चलाए गए इस स्वच्छता अभियान ने बाबा साहब के प्रति सम्मान को और गहरा कर दिया।
इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने हाथी पार्क चौराहे पर बाबा साहब की प्रतिमा के पास श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। उन्होंने खुद झाड़ू थामकर अभियान में हिस्सा लिया और सभी को प्रेरित किया।
मंत्री ने बताया कि स्वतंत्रता के अमृत काल में बाबा साहब की जयंती को 14 से 28 अप्रैल 2025 तक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा। इस दौरान प्रार्थना सभाएं, क्विज, वाद-विवाद प्रतियोगिताएं, प्रभात फेरी, महिला सशक्तीकरण और लैंगिक समानता पर सेमिनार जैसे कार्यक्रम पूरे जनपद में आयोजित होंगे।
यह अभियान न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने में कामयाब रहा, बल्कि बाबा साहब के विचारों और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का भी माध्यम बना।















