पहली पत्नी से जान का खतरा! मेरठ जैसी नीले ड्रम की घटना की आशंका में युवक ने लगाई गुहार
संतकबीरनगर।।।
संतकबीरनगर के दुधारा क्षेत्र में रहने वाले 40 वर्षीय एक युवक ने अपनी पहली पत्नी से जान को खतरा होने की शिकायत की है। शनिवार को खलीलाबाद तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर पीड़ित ने एएसपी और सीओ सदर के सामने अपनी आपबीती सुनाई। उसने प्रार्थना पत्र सौंपकर जांच और कार्रवाई की मांग की, साथ ही आशंका जताई कि उसके साथ मेरठ की कुख्यात नीले ड्रम वाली घटना जैसा हादसा हो सकता है।
पीड़ित युवक मध्य प्रदेश में एक मस्जिद में इमाम का काम करता है। उसने बताया कि 2008 में उसकी पहली शादी दुधारा क्षेत्र की एक युवती से हुई थी, जिससे उसकी 15 साल की एक बेटी है। पहली पत्नी की हरकतों से परेशान होकर उसने उसे मौखिक तलाक दे दिया था। इसके बाद पहली पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न और भरण-पोषण का मुकदमा दर्ज कराया। युवक ने 2023 में बिहार की एक युवती से दूसरी शादी की, जिससे 27 मार्च को एक बच्चा पैदा हुआ, लेकिन उसकी मृत्यु हो गई। इस घटना से वह पहले ही परेशान था।
युवक का आरोप है कि उसकी पहली पत्नी ने उसके मकान के कमरे में ताला लगा दिया है, जिसके चलते वह अपने घर में नहीं रह पा रहा। 29 मार्च को जब वह कपड़े लेने गया, तो पहली पत्नी ने उसे लाठियों से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। अब वह खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। उसे डर है कि पहली पत्नी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर उसकी हत्या करवा सकती है।
सीओ सदर अजीत चौहान ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दुधारा पुलिस को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। पीड़ित की शिकायत और नीले ड्रम की घटना का जिक्र क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।















