सुबह की सैर बनी काल, क्वालिटी मैनेजर की अचानक मौत से फैक्ट्री में मातम।
गोरखपुर।।
सहजनवां के गीडा थाना क्षेत्र में सेक्टर-13 की एक फैक्ट्री में कार्यरत क्वालिटी मैनेजर की शुक्रवार सुबह एक दुखद घटना ने सबको झकझोर दिया। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के करहिया नंबर 1, सच्चा नगर निवासी 43 वर्षीय नवनीत नामदेव, पिता दद्दन प्रसाद, गीडा में एक कंपनी में क्वालिटी मैनेजर थे। पिछले चार दिनों से वह कंपनी के गेस्ट हाउस में ठहरे हुए थे। रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह पौने छह बजे वह अपने साथियों राजू पांडेय और अनन्त राम तिवारी के साथ मार्निंग वॉक पर निकले थे। टहलते वक्त अचानक नवनीत जमीन पर गिर पड़े।
साथियों ने तुरंत उन्हें एंबुलेंस से सीएचसी सहजनवां पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना से फैक्ट्री और उनके परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चौकी प्रभारी पिपरौली कमलेंद्र सिंह ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है, लेकिन मामले की जांच शुरू कर दी गई है।















