रंग, नमाज और शांति: डीआईजी की तैयारी।
संतकबीरनगर।। आगामी होली त्योहार और रमजान माह के एक साथ होने के मद्देनजर बस्ती रेंज के डीआईजी दिनेश कुमार ने आज पुलिस लाइन सभागार में एसपी संत कबीर नगर सत्यजीत गुप्ता के साथ एक गोष्ठी आयोजित की। इस दौरान उन्होंने शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस दिशा-निर्देश जारी किए।
डीआईजी ने कहा कि होली, जुमे की नमाज और रमजान के एक साथ होने से विशेष सतर्कता जरूरी है। इसके लिए जुलूस आयोजकों और मस्जिदों के मौलानाओं से बातचीत कर समय का तालमेल सुनिश्चित करने को कहा गया। क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को वायरलेस सेट के साथ संवेदनशील स्थानों पर तैनात करने और पुलिस कर्मियों की ड्यूटी दंगा निरोधी उपकरणों के साथ जुलूसों व मस्जिदों पर लगाने के निर्देश दिए गए।
होली जुलूसों पर नजर रखकर उन्हें सकुशल संपन्न कराने, शराब पीने व नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने, और होलिका दहन को निर्धारित स्थानों पर करने के लिए स्थानीय सहयोग लेने की बात कही गई। साथ ही, UP-112 के डेटा के आधार पर हॉटस्पॉट्स चिह्नित कर चेकिंग और कार्रवाई का आदेश दिया गया। इस दौरान में एएसपी संतकबीरनगर, सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे। डीआईजी ने अधिकारियों से निर्देशों का पालन कर जनता के साथ मिलकर होली का उत्साह और रमजान की पवित्रता बनाए रखने की अपील की।















