एप पर फर्जी फोटो अपलोड पर बीडीओ बेलहर को कारण बताओ नोटिस।
– आयुक्त कार्यालय ग्राम्य विकास से 14 अक्तूबर को जारी हुआ नोटिस
-फर्जी तरीके से एप पर फोटो अपलोड कर 3,69,500 रुपये के गबन का किया गया प्रयास
– डीसी मनरेगा ने जांच कर भेजी थी रिपोर्ट
– एक सप्ताह में जवाब नहीं देने पर बीडीओ के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी
——————————————————————-
संतकबीरनगर।
विकास खंड बेलहर कला के ग्राम पंचायत जंगल बेलहर के ग्राम पिपरी रोड से राजा राम के घर तक खडंजा पटरी निर्माण कार्य पर लगे श्रमिकों के सापेक्ष मस्टर रोल में अधिक नाम अंकित कर दिया गया। इतना ही नहीं कराए जा रहे कार्यो से संबंधित एनएमएमएस एप पर फर्जी फोटो अपलोड कर दी गई। इस मामले में आयुक्त कार्यालय ग्राम्य विकास की ओर 14 अक्तूबर को बीडीओ श्वेता वर्मा को कारण बताओ नोटिस जारी की गई है। बीडीओ से एक सप्ताह के भीतर ई मेल के जरिए जवाब मांगा गया है। निर्धारित समय में जवाब न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दस सितंबर 2024 को विकास खंड बेलहर कला के ग्राम पंचायत जंगल बेलहर के ग्राम पिपरी रोड से राजा राम के घर तक खडंजा पटरी निर्माण कार्य पर लगे श्रमिकों के सापेक्ष मस्टर रोल में अधिक नाम अंकित किया गया। मस्टर रोल में महिला श्रमिकों के नाम अंकित होने के बावजूद कार्य स्थल पर महिला श्रमिक उपस्थित नहीं होने,एक ही फोटो को कई बार मस्टर रोलों पर अपलोड किए जाने के संबंध में आयुक्त कार्यालय ग्राम्य विकास विभाग ने डीसी मनरेगा से जांच कर आंख्या दिए जाने का निर्देश दिया था। डीसी मनरेगा प्रभात कुमार द्विवेदी ने ग्राम पिपरी में पिचरोड से राजाराम के घर तक प्रस्तावित खडंजा पटरी निर्माण कार्य का स्थलीय सत्यापन दस सितंबर 2024 को किया। निरीक्षण में पाया कि कार्य के सापेक्ष 10 मस्टर रोल सृजित किए गए गए है तथा ग्राम रोजगार सेवक द्वारा दो सितंबर 2024 से 10 सितंबर 2024 तक दस मस्टर रोलो के सापेक्ष प्रत्येक दिन 97-97 श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज की गई है। साथ ही ग्राम रोजगार सेवक द्वारा एक ही फोटो को कूट रचित , फर्जी तरीके से एनएमएमएस पर अपलोड कर 3,69,500 रुपये की धनराशि के गबन का प्रयास किया गया है। डीसी मनरेगा के निरीक्षण में कार्य प्राविधानित विशिष्टियों के अनुरुप नहीं पाए जाने ,कार्यो की तकनीकी स्वीकृति संबंधी अभिलेख पत्रावली में उपलब्ध नहीं होने एवं मस्टर रोल में महिला श्रमिकों के नाम अंकित होने के बावजूद कार्य पर एक भी महिला श्रमिक नहीं पाए जाने के संबंध में अवगत कराया है। उक्त से स्पष्ट है कि जंगल बेलहर में कराए जा रहे कार्यो से संबंधित एनएमएमएस एप पर अपलोड की गई फोटो पूर्णत: फर्जी है। आयुक्त कार्यालय ग्राम्य विकास विभाग से 17 जून 2022 को मनरेगा कार्यो पर लगे श्रमिकों की उपस्थिति दर्ज कराने के लिए ग्राम स्तर पर महिला मेट, ग्राम रोजगार सेवक,पंचायत सचिव को उत्तरदायी बनाया गया है तथा उपस्थिति के अनुश्रवण के लिए विकास खंड स्तर पर कार्यक्रम अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी को उत्तरदायी बनाया गया है। साथ ही मुख्यालय स्तर पर कार्यो की समीक्षा के लिए आयोजित होने वाली साप्ताहिक बैठकों एवं विभिन्न पत्रों द्वारा एसओपी के अनुसार फोटो अपलोड किए जाने के निर्देश दिए गए है,लेकिन विकास खंड एवं ग्राम पंचायत स्तरीय मनरेगा फक्शरीज की दुरभिसंधि से वित्तीय अनियमितताएं की जा रही है। आयुक्त कार्यालय ग्राम्य विकास के संयुक्त आयुक्त मनरेगा ने पत्र जारी कर बीडीओ बेलहर को कठोर चेतावनी देते हुए विंदुवार जवाब एक सप्ताह के अंदर ई-मेल पर उपलब्ध कराए जाने का निर्देश दिया है।
————————–
एक रोजगार सेवक ने फर्जी फोटो एप पर अपलोड कर दिया था। मामला पकड़ में आने पर उक्त रोजगार सेवक के खिलाफ प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज किए जाने के लिए बेलहर थाने में तहरीर भेजवा दी गई है। आयुक्त कार्यालय से जवाब मांगे जाने की सूचना है। निर्धारित समय में जवाब आयुक्त कार्यालय ग्राम्य विकास विभाग को भेज दी जाएगी।
— श्वेता वर्मा,
बीडीओ बेलहर कला















