कानून की आंख से हटी पट्टी तलवार की जगह आया संविधान।
नई दिल्ली। देश की सर्वोच्च अदालत में बुधवार को न्याय की देवी की नई प्रतिमा लगाई गई। न्याय की देवी की मूर्ति की आंखों से पट्टी हटा दी गई है और हाथ में तलवार की जगह संविधान ने ली है।
न्यायपालिका के इस कदम से यह संदेश दिया गया कि कानून अंधा नहीं है और न दंड का प्रतीक है। सुप्रीम कोर्ट के सूत्रों के अनुसार, मुख्य न्यायाधीश डीवाई चंद्रचूड़ के आदेश पर जजों की लाइब्रेरी में न्याय की देवी की नई प्रतिमा में आंखें खुली हैं। दाएं हाथ में तराजू है जबकि बाएं हाथ में संविधान। पुरानी प्रतिमा में बाएं हाथ में तराजू और दाएं हाथ में तलवार थी। सूत्रों के अनुसार, न्याय के तराजू को प्रतिमा के दाहिने हाथ में इसलिए रखा गया है, क्योंकि यह समाज में संतुलन का प्रतिनिधित्व करता है और यह विचार है कि कोर्ट फैसले से पहले तथ्यों और तर्कों को तौलती है। इस कदम को औपनिवेशिक विरासत को पीछे छोड़ने के प्रयास के रूप में भी देखा जा रहा है।















