एसपी ने अनुचरों और सफाई कर्मियों को मिठाई व उपहार देकर दी दीपावली की शुभकामनाएं
पुलिस लाइन और थानों की व्यवस्थाओं में योगदान देने वाले कर्मचारियों के कार्यों की सराहना की
संतकबीरनगर। दीपावली के अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन में पुलिस लाइन और जनपद के विभिन्न थानों पर तैनात स्थायी एवं अस्थायी अनुचरों तथा सफाई कर्मियों को मिठाई और उपहार वितरित किए। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख-समृद्धि की कामना की।
इस दौरान एसपी ने पुलिस विभाग की व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने में अनुचरों और सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस लाइन और थानों की साफ-सफाई, स्वच्छता तथा दैनिक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने में इन कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके परिश्रम और समर्पण से पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलता है।
एसपी ने कर्मचारियों से आत्मीय संवाद किया और उनके परिवारों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने सभी से दीपावली का पर्व आपसी प्रेम, सौहार्द और सुरक्षित वातावरण में मनाने की अपील की। इस पहल के माध्यम से उन्होंने पुलिस परिवार के प्रत्येक सहयोगी के प्रति सम्मान और अपनत्व का संदेश दिया।















