हर्रैया तहसील समाधान दिवस में 63 शिकायतें, नौ का मौके पर निस्तारण
डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश, एसपी ने सुनीं पुलिस विभाग से जुड़ी शिकायतें
बस्ती। जनता की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को हर्रैया तहसील सभागार में तहसील संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में फरियादियों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान कुल 63 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से नौ का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
जिलाधिकारी ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि फरियादी अपनी समस्या के समाधान की उम्मीद लेकर सरकारी कार्यालयों में आते हैं। ऐसे में जनता की समस्याओं का समाधान करना सभी अधिकारियों की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने निर्देश दिया कि जिन शिकायतों का निस्तारण मौके पर नहीं हो सका है, संबंधित विभाग के अधिकारी स्वयं स्थलीय निरीक्षण कर निर्धारित समय सीमा में उनका गुणवत्तापूर्ण समाधान कराएं। जनशिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने पर भी जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों की सुनवाई की। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और थाने पर आने वाले लोगों से सहज एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें।
उप जिलाधिकारी प्रद्युम्न कुमार ने बताया कि समाधान दिवस में राजस्व विभाग से संबंधित 26, पुलिस विभाग से नौ, विद्युत विभाग से चार, विकास विभाग से आठ और आपूर्ति विभाग से 16 शिकायतें प्राप्त हुईं। कुल 63 शिकायतों में से नौ का मौके पर निस्तारण किया गया।
इस अवसर पर सीएमओ डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विमल शुक्ला, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, डीएचओ अरुण त्रिपाठी, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।















