पुलिस लाइन में नवनिर्मित गेस्ट हाउस का एडीजी ने किया उद्घाटन
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन के बाद काटा फीता, अतिथि गृह की भव्यता की सराहना
पुलिस लाइन में बने आधुनिक जिम का भी किया निरीक्षण
संतकबीरनगर। रिजर्व पुलिस लाइन में बृहस्पतिवार को नवनिर्मित पुलिस गेस्ट हाउस (अतिथि गृह) का अपर पुलिस महानिदेशक गोरखपुर जोन राम कुमार और पुलिस उपमहानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी की उपस्थिति में उद्घाटन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि-विधान से हवन-पूजन के बाद फीता काटकर अतिथि गृह का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन के बाद एडीजी राम कुमार ने नवनिर्मित अतिथि गृह का निरीक्षण किया। उन्होंने इसकी भव्यता और सुंदरता की सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना की पहल की प्रशंसा की। इस दौरान उन्होंने डीआईजी बस्ती और एसपी संतकबीरनगर को भी धन्यवाद दिया।
वरिष्ठ अधिकारियों को मिलेगी बेहतर आवासीय सुविधा
नवनिर्मित पुलिस गेस्ट हाउस से विभागीय कार्यों के सिलसिले में जिले में आने वाले वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और अन्य आगंतुकों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध होगी। इससे पुलिस विभाग के कार्यों के सुचारु संचालन में मदद मिलेगी।
नवनिर्मित जिम की व्यवस्थाएं भी परखीं
अतिथि गृह के उद्घाटन के बाद एडीजी ने पुलिस लाइन में नवनिर्मित जिम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना की। जिम की सुविधा से पुलिसकर्मियों को शारीरिक फिटनेस बनाए रखने और स्वास्थ्य बेहतर करने में मदद मिलेगी, जिससे उनकी कार्यक्षमता को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पांडेय, क्षेत्राधिकारी यातायात अमित कुमार, प्रतिसार निरीक्षक रिजर्व पुलिस लाइन रामबली यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।















