दुर्गा पूजा मेले को लेकर प्रशासन अलर्ट, एएसपी ने किया फ्लैग मार्च
कंपनी बाग से गांधीनगर तक सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, अव्यवस्थित वाहनों का चालान
केडीसी और जीआईसी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था, शाम चार बजे से वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
बस्ती। ऐतिहासिक दुर्गा पूजा मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन अलर्ट है। बृहस्पतिवार को सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर मानसी दहिया के नेतृत्व में कंपनी बाग से गांधीनगर तक फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ सड़क पर बेतरतीब खड़े वाहनों को हटवाया गया। यातायात बाधित करने वाले वाहनों का चालान भी किया गया।
दो स्थानों पर होगी पार्किंग
फ्लैग मार्च के बाद एसडीएम सदर प्रमोद कुमार ने श्रद्धालुओं से निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करने की अपील की। उन्होंने बताया कि कंपनी बाग की तरफ से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग किसान डिग्री कॉलेज (केडीसी) के मैदान में होगी। वहीं, रोडवेज की ओर से गांधीनगर आने वाले श्रद्धालु राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) के मैदान में वाहन खड़े कर सकेंगे।
प्रशासन के अनुसार, कंपनी बाग चौराहे से दोपहिया और चारपहिया वाहनों का प्रवेश शाम चार बजे से मेला समाप्त होने तक प्रतिबंधित रहेगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।
सड़क पर व्यवस्थित तरीके से लगाएं ठेले
प्रशासन ने ठेला व्यवसायियों को सड़क के नीचे निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित ढंग से ठेले लगाने के निर्देश दिए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और यातायात सुचारु बना रहे।
संदिग्ध गतिविधि की तत्काल दें सूचना
एसडीएम सदर प्रमोद कुमार और एएसपी मानसी दहिया ने संयुक्त रूप से आमजन से अपील की कि मेले के दौरान निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें। किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। अधिकारियों ने लोगों से प्रशासन का सहयोग कर मेले को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में योगदान देने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान सीओ सिटी कुलदीप यादव, अधिशासी अधिकारी अंगद गुप्ता, कोतवाली थानाध्यक्ष बृजानंद सिंह, यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















