विधान परिषद चुनाव के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना, डीएम ने परखी व्यवस्था
सात मतदान केंद्रों पर 1,540 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग
23 अक्टूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा मतदान
संतकबीरनगर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। बृहस्पतिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी अनुज मलिक की देखरेख में पोलिंग पार्टियों को मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
जिलाधिकारी अनुज मलिक ने विकास भवन परिसर स्थित डीपीआरसी हॉल पहुंचकर पोलिंग पार्टियों की रवानगी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्वाचन प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सत्य प्रकाश तथा मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी मौजूद रहे।
सात केंद्रों पर होगा मतदान
जनपद में कुल 1,540 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके लिए सात मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान शुक्रवार, 23 अक्टूबर को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा।
निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में जिलाधिकारी ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहकर मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने और मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इन केंद्रों पर बनाए गए हैं बूथ
– 194 — क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, सांथा
– 195 — क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, मेहदावल
– 196 — क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, सेमरियावां
– 197 — क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, बघौली
– 198 — क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, खलीलाबाद
– 199 — क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, नाथनगर
– 200 — क्षेत्र पंचायत कार्यालय भवन, हैंसर बाजार
जिला प्रशासन ने मतदान से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।















