शिक्षक निर्वाचन के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना
डीएम कृतिका ज्योत्स्ना ने कलेक्ट्रेट परिसर से रवानगी व्यवस्था का लिया जायजा
निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान कराने के दिए निर्देश
बस्ती। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन को निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को निर्धारित मतदेय स्थलों के लिए रवाना किया गया। रवानगी की प्रक्रिया जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कृतिका ज्योत्स्ना की देखरेख में पूरी कराई गई।
जिलाधिकारी ने निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी मतदान कार्मिक निर्धारित समय पर अपने मतदेय स्थल पर पहुंचकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर लें और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करें।
डीएम ने पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री और आवश्यक अभिलेखों की अच्छी तरह जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मतदान की निष्पक्षता, पारदर्शिता और गोपनीयता बनाए रखना सभी कार्मिकों की जिम्मेदारी है। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना दी जाए।
उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने और मतदान प्रक्रिया को गंभीरता व जिम्मेदारी के साथ संपन्न कराने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।















