विधान परिषद चुनाव की तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा
राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर दिए निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के निर्देश
23 अक्टूबर को होगा लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों का मतदान
रायबरेली। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद के लखनऊ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की तैयारियों का जायजा लेने के लिए राजकीय इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान संबंधी व्यवस्थाओं और पोलिंग पार्टियों की रवानगी की प्रक्रिया का अवलोकन किया।
जनपद में 23 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पोलिंग पार्टियों की रवानगी सहित निर्वाचन से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समय पर और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी की जाएं। उन्होंने कहा कि मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं।
डीएम ने निर्वाचन कार्य में लगे अधिकारियों और कार्मिकों को पूरी जिम्मेदारी, सतर्कता और समयबद्धता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के दौरान व्यवस्थाओं को सुचारु बनाए रखने और निर्वाचन आयोग के निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ, अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, क्षेत्राधिकारी नगर आशीष निगम, जिला विकास अधिकारी वर्षा सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।















