नियम तोड़ा तो कार्रवाई तय, 748 अराजक तत्वों को रेड कार्ड नोटिस
डांडिया कांड के छह आरोपियों पर गुंडा एक्ट, चार की हिस्ट्रीशीट खुली; 798 पर शांतिभंग की कार्रवाई
संतकबीरनगर। दुर्गा पूजा और दशहरा के मद्देनजर जिले में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका में 748 अराजक तत्वों को रेड कार्ड नोटिस जारी कर चेतावनी दी है। 798 लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है, जबकि 492 को पाबंद किया गया है। मानकों का पालन कराने के लिए 296 डीजे संचालकों को भी नोटिस दिया गया है। डांडिया कांड के छह आरोपियों पर गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, जबकि चार की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
जिले में 1,320 दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। सबसे अधिक 257 प्रतिमाएं खलीलाबाद, 240 मेंहदावल, 165 बखिरा और 163 धनघटा क्षेत्र में हैं। प्रतिमाओं का विसर्जन 20 से 26 अक्टूबर तक निर्धारित तिथियों पर होगा। 20 अक्टूबर को 730, 21 को 360, 22 को 158, 23 को 66 और 26 अक्टूबर को दो प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा। जिले के 13 स्थानों पर रामलीला का आयोजन हो रहा है। प्रत्येक स्थल पर दरोगा सहित पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
पुरानी घटनाओं से सबक, संवेदनशील इलाकों पर नजर
वर्ष 2021 और 2022 में बखिरा क्षेत्र में प्रतिमा विसर्जन के दौरान विवाद और मारपीट की घटनाएं हुई थीं। वहीं, वर्ष 2023 में खलीलाबाद के डांडिया कार्यक्रम और वर्ष 2024 में केरमुआ में धार्मिक झंडे को लेकर विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार, इन चार घटनाओं के संबंध में 42 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। डांडिया कांड के छह आरोपियों पर गुंडा एक्ट और चार की हिस्ट्रीशीट खोली गई है।
दुर्गा पूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए थानों और चौकियों पर पीस कमेटी की बैठकें की गई हैं। आयोजकों और डीजे संचालकों को निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। मूर्ति विसर्जन के लिए थानों को अतिरिक्त पुलिस बल भी उपलब्ध कराया गया है।
एसपी संदीप कुमार मीना ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस सतर्क है। नियमों का उल्लंघन कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।















