बच्चों के भविष्य और संस्कारों को संवारें महिला शिक्षिकाएं : डीएम
विकास भवन में महिला शिक्षिकाओं का सम्मान, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों पर जोर
गोरखपुर। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने महिला शिक्षिकाओं को सम्मानित करते हुए बच्चों के भविष्य निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि शिक्षक केवल किताबी ज्ञान देने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व, चरित्र और संस्कारों को संवारने की जिम्मेदारी भी निभाते हैं।
डीएम ने कहा कि शिक्षिकाएं बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों का विकास करें। प्रत्येक बच्चे की क्षमता पहचानकर उसे आगे बढ़ने का अवसर दें, ताकि कोई विद्यार्थी पीछे न छूटे। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों को जीवन की चुनौतियों का सामना करने और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए तैयार करना जरूरी है।
उन्होंने सम्मानित शिक्षिकाओं से अपने दायित्वों का निष्ठा और संवेदनशीलता से निर्वहन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी धीरेंद्र त्रिपाठी मौजूद रहे।















