सूर्या इंटरनेशनल में 350 मेधावियों को मिला टैबलेट, आर्यन के भजनों पर झूमे छात्र
विद्वानों ने विद्यार्थियों को दिखाई आगे बढ़ने की राह, बिरहा गायक प्रमोद यादव ने अपनी प्रस्तुति से खूब गुदगुदाया
संतकबीरनगर। सूर्या इंटरनेशनल सीनियर सेकेंड्री स्कूल में शुक्रवार को 11वीं के 350 छात्र-छात्राओं को निशुल्क टैबलेट वितरित किए गए। संस्थापक स्वर्गीय पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के साथ ही उन्हें अनुशासन, कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी गई। बिहार से आए गायक आर्यन के भजनों पर छात्र झूम उठे, वहीं प्रसिद्ध बिरहा गायक एवं भाजपा नेता प्रमोद यादव ने अपनी प्रस्तुति से लोगों को खूब हंसाया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीडीयू के पूर्व प्रोफेसर ओपी पांडेय और प्रोफेसर विनीता पाठक का सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी, एवीआरएल के एमडी जनार्दन चतुर्वेदी, एसआर के एमडी एवं पूर्व प्रमुख राकेश चतुर्वेदी, रत्नेश चतुर्वेदी, सूर्या ग्रुप की एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी और राजन इंटरनेशनल की एमडी शिखा चतुर्वेदी ने अंगवस्त्र और माल्यार्पण कर स्वागत किया।
प्रोफेसर ओपी पांडेय ने कहा कि संस्थान हर वर्ष विद्यार्थियों को निशुल्क टैबलेट देकर तकनीकी शिक्षा से जोड़ रहा है। यह सराहनीय और प्रेरणादायी पहल है। उन्होंने संस्थान के चेयरमैन के प्रयासों की प्रशंसा की। प्रोफेसर विनीता पाठक ने विद्यार्थियों को तकनीक का सदुपयोग करने, अनुशासन बनाए रखने और लक्ष्य हासिल करने के लिए निरंतर मेहनत करने की सीख दी।
चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को आश्वस्त किया कि शिक्षा की गुणवत्ता बेहतर बनाने के लिए संस्थान में आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि समय के साथ विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर सविता चतुर्वेदी ने विद्यार्थियों को टैबलेट का सकारात्मक और शैक्षिक उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और संस्थापक पंडित सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन से हुआ। छात्राओं ने सरस्वती वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत किया। प्रिंसिपल रविनेश श्रीवास्तव ने अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत किया, जबकि चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने सभी के प्रति आभार जताया। संचालन उप प्रधानाचार्य शरद त्रिपाठी ने किया।
इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, समाजसेवी निहाल चंद पांडेय, पूर्व जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि रवींद्र यादव, भाजपा नेता रत्नेश मिश्रा, अंकित पाल, आलोक उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और गणमान्य लोग मौजूद रहे।















