विकास भवन में गंदगी पर मंडलायुक्त सख्त, एक सप्ताह का अल्टीमेटम
डीपीआरओ और डीएसओ समेत कार्यालय प्रभारियों को चेतावनी, दोबारा निरीक्षण में मिली गंदगी तो होगी कार्रवाई
छात्राओं की छात्रवृत्ति तत्काल स्वीकृत करने और जनसमस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश
गोरखपुर। विकास भवन के कार्यालयों में गंदगी मिलने पर मंडलायुक्त इंद्र विक्रम सिंह ने नाराजगी जताई। उन्होंने डीपीआरओ, जिला पूर्ति अधिकारी (डीएसओ) समेत संबंधित कार्यालय प्रभारियों को एक सप्ताह के भीतर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का अल्टीमेटम दिया। स्पष्ट किया कि दोबारा निरीक्षण में गंदगी मिली तो लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त ने जनसमस्याओं के निस्तारण की भी समीक्षा की। डीएसओ कार्यालय में आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश का अनुपालन होने पर उन्होंने संबंधित महिला को कार्ड सौंपा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की जिम्मेदारी केवल निर्देश देना नहीं, बल्कि पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना भी है।
समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय में उन्होंने पात्र छात्राओं की लंबित छात्रवृत्ति तत्काल स्वीकृत करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों को हिदायत दी कि फरियादियों के साथ सहयोगात्मक व्यवहार करें और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान सुनिश्चित करें।
मंडलायुक्त ने कहा कि कार्यालयों में स्वच्छता, बेहतर कार्यसंस्कृति और समयबद्ध जनसेवा सुनिश्चित करना संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। एक सप्ताह बाद फिर निरीक्षण किया जाएगा, जिसमें सफाई व्यवस्था और निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा होगी।















