ऐप ने रोकी गैस की सप्लाई, सिलेंडर के लिए भटकते रहे उपभोक्ता
गीडा सेक्टर-5 में सुबह से लगी रही कतार, तकनीकी समस्या के चलते नहीं हो सका वितरण; 1200 उपभोक्ताओं की बुकिंग प्रभावित
सहजनवां। गैस सिलेंडर लेने के लिए अनुभव गैस एजेंसी पहुंचे उपभोक्ताओं को बुधवार को घंटों इंतजार के बाद मायूस होकर लौटना पड़ा। एजेंसी का ऐप काम नहीं करने के कारण सिलेंडर का वितरण ठप रहा। सुबह से ही उपभोक्ता सिलेंडर लेने के लिए कतार में खड़े रहे, लेकिन दोपहर तक तकनीकी समस्या दूर नहीं होने से उन्हें बिना सिलेंडर लौटना पड़ा।
गीडा सेक्टर-5 में एजेंसी के कर्मचारी भी ऐप चालू होने का इंतजार करते रहे। वितरण नहीं होने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई। उपभोक्ताओं का कहना था कि घर में खाना बनाने के लिए गैस की जरूरत थी, लेकिन तकनीकी समस्या के कारण सिलेंडर नहीं मिल सका। दो अक्तूबर से गैस सिलेंडर की कीमत बढ़ने की आशंका के चलते भी कई उपभोक्ता पहले से सिलेंडर लेने पहुंचे थे।
जन्मदिन के लिए सिलेंडर लेने पहुंचे, खाली हाथ लौटे
लाल बहादुर विश्वकर्मा ने बताया कि बड़े भाई के बेटे का जन्मदिन था और घर में गैस की जरूरत थी। सुबह से लाइन में खड़े रहे, लेकिन ऐप नहीं चलने के कारण सिलेंडर नहीं मिल सका।
श्रवण कुमार ने बताया कि रात में ही घर का सिलेंडर खत्म हो गया था। खाना बनाने में दिक्कत हो रही है। सुबह गैस लेने पहुंचे और लाइन में खड़े रहे, लेकिन करीब 11 बजे पता चला कि ऐप काम नहीं कर रहा है।
सुमित कुमार बरवार ने बताया कि सुबह से इस उम्मीद में लाइन में खड़े थे कि जल्द सिलेंडर मिल जाएगा। काफी देर इंतजार के बाद भी वितरण नहीं हुआ। इसके चलते काम पर जाने के लिए भी छुट्टी करनी पड़ी।
1200 उपभोक्ताओं की बुकिंग थी प्रभावित
अनुभव गैस एजेंसी के व्यवस्थापक राकेश मौर्य ने बताया कि ऐप काम नहीं करने के कारण सिलेंडर का वितरण नहीं हो सका। करीब 1200 उपभोक्ताओं की बुकिंग थी। ऐप के चालू होते ही वितरण शुरू कर दिया जाएगा।
जिला आपूर्ति अधिकारी अजय प्रताप सिंह ने बताया कि ऐप के काम नहीं करने से गैस वितरण में समस्या आई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए सेल्स अधिकारी से वार्ता की गई और ऐप को ठीक कराया गया, ताकि गैस वितरण सुचारु रूप से संचालित हो सके।















